खामपार। पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेट और 8 लीटर (40 पाउच) अवैध देशी शराब बरामद की गई है।
खामपार पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की बाइक से शराब लेकर बिहार जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम विरमापट्टी ईदगाह के पास घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। साथ ही एक प्लास्टिक के झोले में 40 पाउच अवैध देशी शराब भी मिली। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बीगू गोंड़ निवासी ग्राम इमिलिया, थाना भोरे, जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष प्रदीप अस्थाना ने कहा कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।