अंत्योदय कार्ड धारकों को मार्च में मिलेगा तीन लीटर केरोसिन
देवरिया। ग्रामीण क्षेत्र के 95 हजार अंत्योदय कार्ड धारकों को मार्च में प्रति कार्ड तीन लीटर केरोसिन का वितरण किया जाएगा। जिला पूर्ति विभाग ने इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली है। पूरे जिले में एक दिन 18 मार्च को मिट्टी तेल का वितरण किया जाएगा। कोटे की दुकानों पर मिट्टी तेल (केरोसिन) का वितरण बंद कर दिया गया है। जनपद में 140 किलोलीटर केरोसिन अवशेष है। यही केरोसिन अब अंत्योदय कार्ड धारकों में बांटा जाएगा।
जनपद में कुल 1468 कोटे की दुकानें हैं। इनमें 130 शहर तथा 1338 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 95 हजार अंत्योदय कार्डधारक हैं। कार्डधारकों को हर महीने पांच से बीस तारीख के बीच खाद्यान्न का वितरण होता है। अंत्योदय कार्डधारकों को मार्च के नियमित वितरण के साथ प्रति कार्ड तीन लीटर केरोसिन भी दिया जाएगा। इस संबंध में आयुक्त खाद्य एवं रसद विभाग मनीष चौहान ने डीएम सहित जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र भी भेजा है। ग्रामीण क्षेत्र के अंत्योदय कार्डधारकों को उपलब्धता के मुताबिक अवशेष केरोसिन बांटने की बात कही गई है। यह वितरण जिला स्तरीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया जाएगा। जिला पूर्ति विभाग अब वितरण की तैयारी में जुटा है।
एलपीजी व विद्युत सुविधा से वंचित को प्राथमिकता
अवशेष मिट्टी तेल का वितरण ग्रामीण क्षेत्र के अंत्योदय कार्डधारकों में किया जाएगा। वितरण पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगा। वितरण के समय उन अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके पास एलपीजी सिलिंडर तथा विद्युत कनेक्शन दोनों की सुविधा न हो।
जनपद में अवशेष मिट्टी तेल का सत्यापन कुछ माह पहले कराया गया था। जिले में 140 केएल मिट्टी तेल अवशेष है। उसका वितरण ग्रामीण क्षेत्र के अंत्योदय कार्डधारकों में नियमित वितरण के साथ जनपद में एक दिन 18 मार्च को प्रति कार्ड तीन लीटर किया जाएगा। -विनय सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी