देवरिया/बरियारपुर। प्रशासन की कोशिशों के बाद भी पशु तस्करी पर लगाम नहीं लग पा रही है। शाम ढलते ही बड़े पैमाने पर पशु तस्करी शुरू हो जाती है।
पहले रामजानकी मार्ग सेफ जोन बना हुआ था, परंतु हाल के दिनों में देवरिया से करौंदी होते हुए बिहार जाने वाला मार्ग पशु तस्करों के लिए सुरक्षित क्षेत्र बना हुआ है। इस मार्ग से पशु लदे वाहन भी पकड़े गए हैं।
लार थाना क्षेत्र से गुजर रहे रामजानकी मार्ग की तरह बरियापुर इलाके के देवरिया-करौंदी मार्ग व महुआनी से सरौरा मुख्य मार्ग, मधवापुर-पगरा होकर बिहार जाने वाली मुख्य सड़क से रात में पशु तस्करी का धंधा शुरू हो जाता है।
इन दिनों तो दिन में भी तस्करी को अंजाम दिया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद भी इसपर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। कभी कभार अभियान के नाम पर एक दो गाड़ियों को पकड़ कर मामले में खानापूर्ति कर ली जाती है।
इस वजह से तस्करों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। बीते सात दिसंबर की बात करें तो बरियारपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान महुआपाटन पुल के पास से 15 गोवंश से भरा एक डीसीएम पकड़ा। इस दौरान दो पशु तस्कर भी पुलिस के चढ़े। यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व में गोवंश से भरे वाहन को पुलिस ने जब्त करते हुए तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बाद भी इस मार्ग पर आए दिन पशु तस्करी की घटना घटित हो रही है।
इस संबंध में सलेमपुर सीओ दीपक ने बताया कि गो तस्करों को पकड़ कर जेल भेजा जा रहा है। इन दिनों तक देवरिया-करौंदी होते बिहार में तस्करी हो रही है। मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाई भी की जा रही है। किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जायेगा।