देवरिया। रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार से ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले मुकाबले में देवरिया ने फतेहपुर छात्रावास को सात विकेट से और दूसरे में कानपुर ने मैनपुरी छात्रावास को नौ विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की। इसके साथ ही दोनों टीमों ने दो-दो अंक भी हासिल कर लिए।
खेल निदेशालय व जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 18 फरवरी तक चलेगी। उद्घाटन मैच में फतेहपुर क्रिकेट हॉस्टल के कप्तान सौरभ पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाए। जिसमें उनैज ने 23, राहुल विश्वकर्मा ने 20, राज सोनकर ने 12 तथा यूवी सिंह, सौरभ पटेल व विनय पाल ने क्रमशः 11-11 रन का योगदान दिया। देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से खेल रही टीम में आशीष चौहान ने चार ओवर में 11 रन देकर तीन, सिद्धार्थ सिंह ने दो तथा विकास तिवारी व आकाश यादव ने क्रमशः एक-एक विकेट प्राप्त किया। 109 रन के निर्धारित लक्ष्य को डीसीए देवरिया ने 12.2 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर प्राप्त कर लिया।
इसमें सूर्यांश यादव ने नाबाद 47, सुल्तान रजा ने नाबाद 31 तथा फैजान हुसैन ने 12 रन का योगदान किया। फतेहपुर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए विशाल ने दो विकेट तथा आर्यन राज ने एक विकेट प्राप्त किया। बेहतर गेंदबाजी कर जीत में अहम योगदान देने वाले आशीष चौहान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। दूसरा मैच ग्रीन पार्क हॉस्टल कानपुर और मैनपुरी हॉस्टल के बीच खेला गया। टॉस जीत कर मैनपुरी ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम के लिए यह फैसला सही साबित नहीं हुआ और 15 ओवर में ही पूरी टीम मात्र 68 रन पर सिमट गई। इसमें पीयूष पाल ने ही दहाई का आंकड़ा पार करते हुए सर्वाधिक 24 रन का योगदान दिया। ग्रीन पार्क हॉस्टल कानपुर के तरफ से गेंदबाजी करते हुए राघव साहू ने दो ओवर छह रन देकर चार, मयंक पाल ने तीन तथा नीरज ने दो विकेट चटकाए। जवाब में उतरी कानपुर की टीम ने 11 ओवर में ही मात्र एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया, जिसमें तरुण समाधिया व हर्षवर्धन ने क्रमशः 19-19 तथा तनिष ने 16 रन का योगदान दिया। मैनपुरी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अंग्रेश यादव ने एक विकेट प्राप्त किया। बेहतरीन गेंदबाजी कर कर जीत में अहम योगदान देने वाले राघव साहू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया।