खुखुंदू। क्षेत्र के मठिया अतिप्राचीन शिव मंदिर स्थित कोट देई माता स्थान पर रविवार से शुरू हुए नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ में बाजे-गाजे के साथ भव्य कलशयात्रा निकाली गई। कलशयात्रा जैसे ही गांव में पहुंची श्रद्धालुओं ने जमकर फूलों की वर्षा कर यात्रा को मनमोहक बना दिया। कलशयात्रा के साथ ही नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ और श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ।
कलशयात्रा में शामिल होने के लिए क्षेत्र की महिलाएं सुबह से ही बड़ी संख्या में कोटदेई माता स्थान पर पहुंचने लगी थी। कलशयात्रा करीब आठ बजे से मंदिर परिसर से होते हुए खुखुंदू गांव में दक्षिण टोला पहुंचा। इसके बाद सीधे खुखुंदू चौराहे पर स्थित मां दुर्गा मंदिर होते हुए फिर थाना बाजार श्रीराम-जानकी मंदिर पहुंचा। पीले परिधान में सिर पर कलश लिए महिला श्रद्धालु कलशयात्रा की शोभा बढ़ा रही थी। उधर, थाना बाजार से जैसे कलशयात्रा फरदहां बारी होते हुए खुखुंदू गांव में पहुंची, वहां लोगों ने कलशयात्रा में शामिल महिला श्रद्धालुओं पर जमकर फूलों की वर्षा की। यह दृश्य बहुत ही मनमोहक रहा। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मठिया अतिप्राचीन शिव मंदिर पहुंच वहां के पोखरी में कलश भरा और फिर यज्ञ स्थल पर पहुंच कलश स्थापित कर मंत्रोच्चारण के साथ नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ की शुरुआत हो गई। यज्ञाचार्य रामरक्षा दास महाराज ने बताया कि यज्ञ के दौरान रोजाना श्रीराम कथा और रात्रि में जनकपुर से आए कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। कलशयात्रा के दौरान बशिष्ट राय, रामप्रसाद राय, जयगोविंद राय, शैलेन्द्र पांडेय, रिपुंजय उर्फ मनन, ओम, राजेश चौरसिया, शशिभूषण, दिग्विजय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयराम प्रसाद, रबुल करीम, रामध्यान गोड़ आदि शामिल रहे।