बस में महिला के दो लाख के जेवर चोरी
लार। देवरिया से बस से लार आ रही महिला का बैग काट कर चोर उसमें रखे दो लाख रुपये के जेवरात चुरा ले गए। इसकी जानकारी महिला को घर पहुंचने के बाद हुई। पीड़ित ने अज्ञात बस परिचालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
लार थाना क्षेत्र के परासी चकलाल गांव की प्रतिभा मिश्रा अपने भतीजे की शादी में शामिल होने गोरखपुर से आ रही थीं। देवरिया से वह सलेमपुर के लिए अनुबंधित बस में बैठीं। आरोप है कि भीड़ अधिक होने की बात कह परिचालक उन्हें पीछे वाली सीट पर बैठने को कहा और बैग अपने पास सीट पर रख लिया। घर पहुंचीं तो शादी में आभूषण पहनने के लिए बैग खोलीं। ब्लेड से बैग के अंदर की सतह कटी देख वह दंग रह गईं। उसमें रखे आभूषण गायब थे। शुक्रवार को लार थाने पहुंचीं महिला ने अज्ञात बस परिचालक के खिलाफ गहने चुराने का आरोप लगाकर तहरीर दी। एसएसआई राममोहन सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।