अतिक्रमणकारियों पर नगर प्रशासन का चला डंडा
सलेमपुर। नगर की सड़कों पर दुकान के बाहर तक अतिक्रमण करने वालों पर शुक्रवार को नगर व पुलिस प्रशासन का डंडा चला। आए दिन जाम की समस्या से निजात के लिए नगर प्रशासन ने पुलिस टीम को साथ अभियान चलाया। इस दौरान नगर पंचायत ने अतिक्रमण करने वाले कुछ दुकानदारों का चालान काटा। कोतवाली के एसआई अंकित सिंह ने सड़क पर खड़ी दो दर्जन से अधिक वाहनों का ई-चालान किया।
नगर में हर रोज लग रही जाम से छुटकारा दिलाने के लिए नगर प्रशासन व पुलिस विभाग एक बार फिर कमर कस ली है। शुक्रवार की देर शाम कोतवाली पुलिस के साथ अतिक्रमण अभियान चलाया। अभियान कोतवाली गेट, बस स्टैंड, ओवर ब्रिज, गांधी चौक होते हुए तहसील गेट तक पहुंचा। सड़क की दोनों पटरियों पर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी देते हुए कुछ दुकानदारों का चालान काटा गया। कार्रवाई देख अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई। सभी दुकानदारों व स्थायी ठेली-पटरी वाले बाहर तक फैले सामान को समेटते दिखे। लगभग दो घंटे चली इस कार्रवाई के दौरान संकरा दिखने वाला बाजार का रास्ता चौड़ा दिखाई देने लगा। सड़क पर फैला अतिक्रमण बाजार में आये दिन विवाद का कारण बन रहा था। अभियान के दौरान नगर पंचायत ने दर्जनों लोगों का चालान भी काटा। इस दौरान कोतवाली में तैनात एसआई अंकित सिंह ने यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले दो दर्जन से अधिक वाहनों का ई-चालान काटा। ईओ अंकिता सिंह ने कहा कि आगे भी यह अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के चालान काटे जाएंगे।
खलिहान की भूमि से हटवाया अतिक्रमण
देवरिया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सलेमपुर तहसील के रजवल गांव में खलिहान की भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। भूमि को अवैध रूप से कब्जाने वालों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। तहसीलदार सलेमपुर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि भूमि खसरा संख्या 230/0.999 हेक्टेयर, जो राजस्व अभिलेखों में श्रेणी 6(2) सड़क दर्ज है। इसके उत्तर पूर्व में 0.0150 हेक्टेयर भूमि पर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर से हटाया गया है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में लोगों के हस्ताक्षर भी कराए गए हैं। अभियान के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं राजस्वकर्मी मौजूद रहे।