सराफा करोबारियों ने शहर के मालवीय रोड पर शरीर में जंजीर बांध कर विरोध प्रदर्शन किया।
देवरिया में एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा कारोबारियों का धरना 35 वें दिन बुधवार को भी जारी रहा। उनका कहना था कि केंद्र सरकार पर काम के बजाए जुमलेबाजी करने का आरोप लगाया। स्वर्णकारों ने गले में जंजीर लटका कर विरोध जताया।
मालवीय रोड ओवरब्रिज स्थित धरनास्थल पर कारोबारी सुबह 10 बजे से जुटने लगे। कुछ देर बाद सैकड़ों दुकानदार धरनास्थल पर पहुंच गए। जिलाध्यक्ष शंखपाल सराफ ने कहा कि केंद्र सरकार उत्पाद शुल्क लागू करने में जुटी है। इससे कारोबारियों की दिक्कत बढ़ जाएगी। प्रदेश उपाध्यक्ष वासुदेव वर्मा और अजय वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय संस्कृति के नाम पर दिखावा कर रहे हैं।
विदेश में पहुंचते ही मेक इन इंडिया, स्टॉर्ट अप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया और स्किल डेवलपमेंट जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। सरकार के गठन का जल्द ही दो साल का समय पूरा हो जाएगा। अब तक कुछ बेहतर काम नहीं दिख सका है। सरकार केवल जुमलेबाजी में व्यस्त है। राष्ट्रवाद और भारत-माता की जय जैसे नारे में उलझाए रखना चाहती है। एक महीना से अधिक समय से स्वर्णकार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन सरकार सत्याग्रह की समाप्ति के लिए कोई पहल नहीं कर रही है। सभा को पूर्व विधायक सुबाष चंद्र श्रीवास्तव, रामायण राव, गौहर अली, शिवजी सराफ, हृदय नारायण, पंकज वर्मा, सुरेंद्र , राजेश आदि ने संबोधित किया।