संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। दिशा की बैठक में बरहज के विधायक और बीएसए के बीच आरोप प्रत्यारोप के बाद इससे जुड़े मामले की जांच के लिए मंगलवार को बीआरसी पर चार सदस्यीय टीम पहुंची। टीम ने यहां तैनात सहायक लेखाकार के आलमारियों की जांच की और अभिलेख अपने साथ ले गई। टीम के पहुंचने पर एवं बंद दरवाजे के बीच तीन घंटे से अधिक समय तक जांच प्रक्रिया चलने से विभागीय हलकों में खलबली मची रही।
दिशा की बैठक में बरहज के विधायक ने बीएसए पर एक महिला शिक्षिका का वेतन रोकने का आरोप लगाया था। इसे निराधार बताते हुए बीएसए ने बीआरसी सदर में तैनात सहायक लेखाकार दिवाकर मिश्र के तबादले को लेकर दबाव बनाने का आरोप मढ़ा। जनपद के एक विधायक और एक जिला स्तरीय अधिकारी के बीच इस तरह के आरोप प्रत्यारोप का मामला देख डीएम ने इस मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया और एक सप्ताह के अंदर इसकी जांच कर रिपोर्ट सौपने का निर्देश दिया।
मंगलवार की दोपहर में टीम में शामिल सीडीओ के प्रतिनिधि, एएसडीएम अवधेश निगम, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल पांडेय, डीआईओएस के प्रतिनिधि बीआरसी सदर पर पहुंचे। उनके साथ बीएसए शालिनी श्रीवास्तव व बीएसए कार्यालय के लेखाधिकारी मदन मोहन भी मौजूद रहे। टीम ने करीब तीन घंटे तक सहायक लेखाकार के आलमारियों की जांच की। डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि चार सदस्यीय टीम मामले की जांच कर रही है।