फतेहपुर गांव का मामला, परिवार में मची चीख-पुकार
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव स्थित छोटी गंडक नदी में इंटरमीडिएट के एक परीक्षार्थी का शव बुधवार शाम को मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। युवक फतेहपुर गांव का ही रहने वाला था। बलुआ अफगान में 12वीं की परीक्षा दे रहा था। परिजनों ने बृहस्पतिवार को थाने में तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है।
भटनी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी इरशाद अंसारी गुजरात में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी दो बेटों व एक बेटी के साथ रहती हैं। बड़ा बेटा उमर अली उर्फ राजा (21) इंटरमीडिएट का विद्यार्थी था। वह क्षेत्र के डुमरी गांव में जनक दुलारी देवी इंटरमीडिएट कॉलेज में पढ़ता था। इन दिनों वह बलुआ अफगान में इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा था। बुधवार सुबह भोजन के बाद वह घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला। शाम को घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता सताने लगी।
तभी किसी ग्रामीण ने बताया कि गांव स्थित छोटी गंडक नदी में किसी का शव मिला है। परिजन भागते हुए मौके पर पहुंचे तो वह उमर अली का शव था। यह देखकर मां, छोटा भाई व बहन दहाड़ें मार कर रोने लगीं।
इसी दौरान ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है। क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि छोटी गंडक में युवक का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।