देवरिया। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने थाना मदनपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेख, मालखाना, हवालात, आरक्षी बैरक, भोजनालय, शस्त्रागार, महिला सहायता कक्ष, बीट सूचना रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, मिशन शक्ति केंद्र आदि का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया तथा रख-रखाव एवं अभिलेखों के अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसओ व समस्त पुलिसकर्मियों को थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के समुचित रख-रखाव, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और जनता से व्यवहार में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने का प्रत्येक कर्मी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहे तथा जनसामान्य की समस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरतें। उन्होंने थानों पर लंबित विवेचनाओं, वारंटों, शांति भंग की कार्रवाई, बीट सूचना प्रणाली और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विवेचक को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।