रामपुर कारखाना। इलाज के दौरान एक मासूम की बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में मौत के बाद माता-पिता के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। पिता ने घटना को हादसा बताया है, जबकि मां ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के पिपरा मदन गोपाल निवासी पप्पू यादव की शादी करीब 15 वर्ष पहले बैजनाथपुर निवासी बिंदु देवी के साथ हुई थी। दंपती के एक पुत्र अंकुर (11) और एक पुत्री अंशिका (8) हैं।
पारिवारिक विवाद के चलते दोनों अलग रहने लगे। बाद में दोनों ने दूसरी शादी कर ली। दोनों बच्चे बैजनाथपुर स्थित ननिहाल में रह रहे थे।
बताया जाता है कि फरवरी में पंचायत के बाद पप्पू यादव अपने पुत्र अंकुर को अपने साथ घर ले आया था। पिता के अनुसार, रविवार की शाम गांव के पश्चिम स्थित बगीचे में खेलते समय अंकुर स्नानघर में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही मां बिंदु देवी गांव पहुंचीं और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। एसओ अश्वनी प्रधान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है।
गांव के लोगों से पूछताछ की गई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।