पडरौना। ईरान-इजरायल के बीच शुरू हुए युद्ध के कारण कतर रियाद और दुबई जैसे खाड़ी देशों में कुशीनगर जनपद के एक दर्जन से अधिक लोग फंसे हुए हैं। वे बम धमाकों और आपातकालीन सायरन की आवाजें सुन रहे हैं, लेकिन फिलहाल वे अपने को सुरक्षित बता रहे हैं।
जिले के के फुलवा पट्टी गांव के रहने वाले रमेश भारती और कुंदर गांव के निवासी धीरज कन्नौजिया ने बताया कि गोरखपुर मंडल के कई लोग 28 अप्रैल 2025 से दुबई में कमाने के लिए आए हुए थे। उन्होंने बताया कि वे दो लोग नेस्को फायर फाइटिंग पाइप फिल्टर कंपनी में करीब 10 माह से कार्य कर रहे थे। लेकिन शनिवार को युद्ध शुरू होते ही उनके कार्य स्थल से महज 25 किलोमीटर की दूरी पर मिसाइल गिरी और तेज आवाज के साथ धमाका हुआ। उस धमाके के बाद से आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मची हुई है। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने की बात सामने आई। इसके बाद से उनके साथ मौजूद सभी लोगों को डर लगने लगा है। डर के साए में जी रहे हैं। इसी तरह जिले के फुलवा पट्टी और कुंदुर गांव के कई लोग कतर, दुबई और रियाद में फंसे हैं। वहां नेटवर्क की समस्या की वजह से परिवारों से बात करना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल अभी किसी भी हमारे साथियों के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन युद्ध की स्थिति को लेकर परिजनों में भारी चिंता है। नेटवर्क गायब होने की वजह से दोपहर के बाद से बातचीत नहीं हो पा रही है।