तरकुलवा। गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर मंगलवार की रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक युवक के लापता होने की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। वह एक दरोगा का बेटा बताया जा रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर लापता युवक की तलाश में जुट गई है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी ने थाने पहुंचकर कर आरोपियों से पूछताछ की। मामले में चार लोगों पर मारपीट व अपहरण का केस दर्ज किया गया है।
देवरिया शहर निवासी पुण्य मणि त्रिपाठी, लार थाना क्षेत्र निवासी अंकित विश्वकर्मा व बैकुंठपुर निवासी रोहित विश्वकर्मा (29) तीनों युवक एक कंपनी में कर्मचारी हैं। तीनों पडरौना व देवरिया जिले में दुकानदारों से ऑर्डर लेकर कंपनी को भेजते हैं। मंगलवार रात 10 बजे के करीब काम निपटाकर तीनों अपने वाहन से पडरौना से देवरिया लौट रहे थे। अभी वह थाना क्षेत्र के गढ़रामपुर के पास पहुंचे थे कि बाइक सवार दो युवक गाड़ी लहराते हुए उनको ओवरटेक करने लगे, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
इसके बाद अभी यह लोग थाना क्षेत्र के पटनवापुल के पास पहुंचे थे कि बाइक सवार युवकों ने फोन कर अपने गांव के कुछ लड़कों को बुला लिया और दोनों पक्ष में मारपीट होने लगी। इसी बीच चारपहिया में सवार कर्मचारी अपनी जान बचा कर भागने लगे। इसमें रोहित विश्वकर्मा वहीं छूट गया। अन्य दो युवक आगे जाकर देखे तो गाड़ी में वह नहीं था। इसके बाद कोटवा मोड़ के पास गाड़ी रोककर उन लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी खोजबीन की, लेकिन रोहित का कहीं पता नहीं चला। पुलिस मौके से दो कर्मचारी व दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लापता युवक के पिता जयप्रकाश वाराणसी के पांडेयपुर पुलिस चौकी पर सब इंस्पेक्टर हैं। सूचना मिलने के बाद वे तरकुलवा थाने पहुंच गए। दूसरी ओर रोहित के पिता जयप्रकाश की तहरीर पर पुलिस पुण्यप्रकाश मणि निवासी पुरवा, अंकित विश्वकर्मा निवासी लार, विकास व संदीप निवासी खुटहा पटखौली थाना तरकुलवा के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज व अपहरण का केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गायब युवक के बारे में पता किया जा रहा है। बहुत जल्द इसका खुलासा कर दिया जाएगा।