संवाद न्यूज एजेंसी भाटपार रानी। परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज करने में हीला-हवाली करने के मामले में डीएम दिव्या मित्तल ने एडीओ पंचायत को फटकार लगाते हुए कहा कि अगर सप्ताह के अंदर रजिस्टर में नाम दर्ज नहीं किया गया तो जेल भेज दूंगी।
डीएम की सख्त तेवर देख संपूर्ण समाधान दिवस में हड़कंप मच गया। उधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीओ पंचायत ने सचिव को बुलाकर तत्काल नाम दर्ज करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 54 मामले आए। इसमें महज पांच मामलों का निस्तारण हो सका।
तहसील सभागार में शनिवार को डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम दिव्या मित्तल और एसपी संजीव सुमन सभागार में मौजूद फरियादियों का शिकायती पत्र सुन रहे थे। इसी बीच ब्लॉक के पिपरहिया गांव निवासी सुनंदा धोबी की मां शुक्ला देवी ने डीएम के सामने पेश होकर बोली मैडम आपने आदेश के बाबजूद एडीओ पंचायत परिवार रजिस्टर में मेरा नाम दर्ज नहीं करा रहे हैं। उसने बताया कि मैं 26 अगस्त को आपसे मिलकर शिकायती पत्र दिया था।
जिस पर आपने मेरा नाम परिवार रजिस्टर में खुली बैठक कराकर नाम दर्ज करने का आदेश एडीओ पंचायत को दिया था। उन्होंने आठ सिंतबर को ग्राम पंचायत की खुली बैठक की। जिसमें मतदान के दौरान सुनंदा धोबी की जीत के बाद भी परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज नहीं हो सका।
मामला को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल एडीओ पंचायत को बुलाकर कहा कि इस तरह की लापरवाही कत्तई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक सप्ताह के अंदर अगर पीड़ित का परिवार रजिस्टर में नाम नहीं दर्ज कर किया जाता है तो तुम्हें जेल भेज दूंगी।
इसके अलावा डीएम ने नलकूप विभाग के अधिकारियों को भी मामले में लापरवाही बरतने पर कई शिकायती पत्रों पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को जिला पंचायत सदस्य पिंकी देवी द्वारा उनके क्षेत्र की सड़कों की दुर्दशा पर उन्हें तत्काल कार्य करने का निर्देश दिया। विकास खंड के ग्राम केहूनियां निवासी रेशमा कुमारी, आजाद और बुचिया देवी को आयुष्मान कार्ड वितरित किया। इस दौरान कुल 54 शिकायती पत्र आए।
जिसमें जिलाधिकारी ने राजस्व की 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। अन्य शिकायती पत्रों में राजस्व विभाग के 26, पुलिस के 05, विकास के 03, समाज कल्याण के 01 तथा अन्य विभागों के 19 शिकायती पत्र सम्मिलित रहे। इस दौरान एसडीएम रत्नेश तिवारी, नायब तहसीलदार अभिजीत सिंह, सीओ अंशुमान श्रीवास्तव माैजूद रहे।