सलेमपुर। क्षेत्र एक गांव में रविवार को विवाहिता को उसके ससुराल वालों द्वारा कुंडी से फंदा लगाकर मारने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसके ससुराल वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से शव उठाकर भाग निकले। करीब एक घंटे बाद पुलिस विवाहिता के शव के साथ उसकी सास और पति को गिरफ्तार कर लिया। विवाहिता की मां की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति, सास और देवर के खिलाफ केस दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। लार थाना क्षेत्र के परासी चकलाल गांव की रहने वाली सुनीता देवी (20) वर्ष पत्नी महेश ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी खुशी देवी की शादी तीन माह पहले इटहुआ चंदौली गांव निवासी अंकित पासवान के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से उसके सास बेबी देवी, पति अंकित पासवान व देवर अनीश दहेज की मांग करते हुए खुशी को परेशान व प्रताड़ित करते रहते थे। आए दिन दहेज की बात कह उसे परेशान व प्रताड़ित करते हुए जान मारने की धमकी देते रहते थे।
रविवार की दोपहर करीब एक बजे ससुरालवालों ने मेरी बेटी खुशी को फंदे में लटका कर जान से मार डाला। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने विवाहिता के पति अंकित पासवान, सास बेबी देवी व देवर अनीश के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज के लिए हत्या के मामले समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर अंकित और बेबी देवी को गिरफ्तार कर लिया।