एसपी ने विवेचक के कसे पेंच, फायरिंग के आरोपित ने किया सरेंडर
देवरिया। शहर के मुंसिफ कालोनी निवासी एक व्यक्ति के दरवाजे पर फायरिंग करने वाले दो आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं करने वाले विवेचक को एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने वादी के सामने बुलाकर फटकार लगाई। इस पर पुलिस सक्रिय हुई तो एक साल से फरार आरोपित ने कोर्ट में मंगलवार को समर्पण कर दिया। वादी ने विवेचक की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया है। साथ ही विवेचक को बदलने की फरियाद की है।
मुंसिफ कालोनी निवासी शत्रुधन शाही ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि 21 अक्तूबर 2020 की रात में तीन-चार युवक उनके दरवाजे पर आए और जान से मारने के मकसद से फायरिंग कर फरार हो गए। इस मामले की शिकायत कई बार कोतवाली पुलिस से की गई, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो उन्होंने कोर्ट में गुहार लगाई। उसके बाद कोर्ट के आदेश पर शहर के बसियवां मुहल्ला निवासी वसीम और मुंसिफ कालोनी निवासी मोनू सहित कुछ अज्ञात पर मुकदमा दर्ज हुआ।
सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग करने वाले कैद थे। उन्होंने बताया है कि 18 जनवरी 2021 को मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस अभी मामले की विवेचना पूरी नहीं की है। यहां तक कि दोनों आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं। एसपी ने इस पर मामले के विवेचक को तलब कर फटकार लगाई और फौरन आरोपितों के घर जाकर गिरफ्तार करने का आदेश दिया। पुलिस की सक्रिय होते ही वसीम ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अभी मोनू सहित अन्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने बताया कि एक आरोपी कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। दूसरी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।