संक्रमितों के गांव को बनाया गया कंटेनमेंट जोन
85 गांव किए गए चिह्नित, शासन को भेजी गई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। संक्रमितों के गांव को हॉट स्पॉट नहीं कंटेनमेंट जोन बनाया गया। 85 ऐसे गांवों को चिह्नित किया गया है। इन गांवों की मॉनिटरिंग स्थानीय सीएचसी, पीएचसी डॉक्टरों के अलावा सेक्रेटरी और लेखपाल कर रहे हैं। शासन की इसकी रिपोर्ट भेज दी गई है।
कोरोना संक्रमितों के गांवों पर प्रशासन की खास नजर है। कई ऐसे गांव हैं जहां कई संक्रमित मिले हैं। इन गांवों की प्रतिदिन रिपोर्टिंग आशा, एएनएम और लेखपाल कर रहे हैं। इनके संपर्क में रहने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। शनिवार को आई रिपोर्ट में 57 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रुद्रपुर के रनियहवा, भाटपाररानी के सिरिसिया मिश्र समेत कई ऐसे गांव हैं जहां तीन से अधिक संक्रमित मिले हैं। इस बाबत सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि इन गांवों पर खास नजर है। अब हॉट स्पाट एक भी गांव नहीं हैं।
इनसेट
84 लोगों की रिपोर्ट आई निगेटिव
देवरिया। शनिवार को 84 कोरोना संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इन दिनों सैंपल कलेक्शन सेंटरों पर सफाईकर्मी, स्वास्थ्यकर्मियों का सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है। उधर, जिला अस्पताल में शनिवार को एक कोरोना संदिग्ध की जांच की गई। इसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। ट्रॉयल के तौर पर पहले दिन सैंपल की जांच की गई।
क्वारंटीन में रहने वाले 24384 प्रवासियों को दी गई आर्थिक मदद
जिला प्रशासन ने 2,43,84000 रुपये बैंक अकाउंट में भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महामारी के बीच जिले में आने वाले 24384 प्रवासियों को जिला प्रशासन ने दो करोड़ 43 लाख 84 हजार रुपये प्रति प्रवासी एक हजार की दर से खाते में भेजा है। इसके अलावा सभी को 15 दिन के लिए राशन मुुहैया कराया गया है।
जिले में आए प्रवासियों को रोजगार देने पर फोकस है, लेकिन अभी तक अधिकांश लोगों को रोजगार नहीं मिल सका है। क्वारंटीन सेंटरों में रहने वाले 24384 प्रवासियों को आर्थिक सहायता के रूप में एक हजार रुपये बैंक अकाउंट में भेेजे गए हैं। इसमें रुद्रपुर तहसील के 2992, सदर तहसील में 9344, सलेमपुर तहसील में 3353, बरहज 2945, भाटपाररानी तहसील में 5750 श्रमिक आए हैं। डीएम अमित किशोर ने बताया कि श्रमिकों के मोबाइल नंबर के जरिए सत्यापन किया जाएगा। सरकारी धन का दुरुपयोग की शिकायत सामने आने पर कार्रवाई होगी।
रुद्रपुर कोतवाली सील, नगर के कई मार्गों पर लगी बैरिकेडिंग
डब्लूएचओ की टीम ने किया रुद्रपुर का दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर/ मदनपुर। कोतवाली के सिपाही और अस्पताल की दाई सहित चार कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमे में खलबली मची है। नगर में केस मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमे ने नौ टीम गठित कर नगर का सर्वे शुरू कर दिया है।
शनिवार को डब्लूएचओ की टीम ने रुद्रपुर नगर का दौरा किया। डब्लूएचओ की टीम की निगरानी में सर्वे कराकर पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों का कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। शनिवार को 60 लोगों के नमूने कोरोना टेस्ट के लिए लिए गए। सिपाही के संक्रमित होने के बाद कोतवाली को चारों ओर से सील कर दिया गया है। नगर के पुन्नी साहू चौराहे पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। कोरोना पॉजिटिव पाई गई अस्पताल की प्राइवेट दाई के मुहल्ले को भी सील कर दिया गया। नगर के तीन वार्डों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एलबी चौधरी ने बताया कि नौ टीम बनाकर पूरे नगर का सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के दौरान टीम के साथ डब्लूएचओ के कार्यकर्ता भी रहेंगे। मदनपुर और गहिला गांव के सर्वे के लिए अलग टीम बनाई गई है। गहिला में संक्रमित महिला मुंबई से आई थी। वहीं, मदनपुर में संक्रमित युवक कुछ दिन पहले सऊदी अरब से आया था। प्रशासन ने मदनपुर गांव को सील कर दिया है। दोनों गांवों का रविवार से सर्वे शुरू होगा। सर्वे के दौरान डोर-टू-डोर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। बीमारी के लक्षण मिलने पर उनका कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। नगर में संक्रमण का प्रसार रोकने को दुकानदारों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की जा रही है। भीड़ जुटाने पर कार्रवाई की जाएगी।