देवरिया। जिले में होलिका दहन और होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद में कुल 1848 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा, जिन पर सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। डीएम और एसपी के निर्देश पर सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। होलिका दहन स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि फायर ब्रिगेड को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
जनपद की सभी तहसीलों में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी (सीओ) को सौंपी गई है। तीन मार्च से सभी क्षेत्रों में लगातार गश्त शुरू कर दी जाएगी। पर्व के दिन पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
एडिशनल एसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि त्योहार को लेकर विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की गई है और सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे। प्रशासन ने आमजन से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
.................
शांति समिति बैठकों में सौहार्द बनाए रखने की अपील
त्योहार से पूर्व सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इनमें स्थानीय संभ्रांत नागरिकों को शामिल कर आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी देने का आग्रह किया है।
-
चार मार्च को शराब की नहीं होगी बिक्री
होली के मद्देनजर प्रशासनिक अमले को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। चार मार्च को देसी शराब, अंग्रेजी शराब, बीयर, मॉडल शॉप, बार, भांग और ताड़ी सहित सभी मादक पदार्थों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।