बघौचघाट। रविन्द्र किशोर शाही राजकीय महाविद्यालय पथरदेवा में शनिवार को होलिकोत्सव के उपलक्ष्य में विविध सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने की, जबकि आयोजन गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी एकता वर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं ने गृह सजावट की आकर्षक वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई, जिसे सभी ने सराहा। रंग-बिरंगी रंगोलियों ने परिसर को उत्सवमय बना दिया। अंशिका प्रसाद सहित अन्य छात्राओं ने सुंदर रंगोली बनाकर हैप्पी होली का संदेश दिया। वहीं होली के पारंपरिक व्यंजन भी तैयार किए गए, जिनकी सुगंध से वातावरण महक उठा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छात्राओं ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। छात्रा नरगिस खातून ने होली मिलन पर प्रभावशाली भाषण देकर सभी को आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। अमृता पासवान एवं मुस्कान खातून ने होली गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम की संचालिका एकता वर्मा ने कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सकारात्मकता का पर्व है, जो पुरानी कड़वाहटों को भुलाकर नए रिश्तों की शुरुआत का संदेश देता है। प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने त्योहारों को सामाजिक समरसता का माध्यम बताते हुए सभी से मिलजुलकर रहने का आह्वान किया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।