सलेमपुर। सलेमपुर-नवलपुर मार्ग पर औरंगाबाद गांव के समीप शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार बाइक सवार ने सामने से आ रही बुलेट में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त रहा कि बुलेट सवार सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कोतवाली क्षेत्र के परान छपरा गांव निवासी अभिनेश यादव (25) पुत्र राजेश यादव शुक्रवार को किसी काम से नवलपुर चौराहा गए थे। काम निपटाने के बाद वह बुलेट से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह औरंगाबाद गांव के पास पहुंचे, तभी सलेमपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही अभिनेश सड़क किनारे गिर पड़े और बाइक सवार मौका पाकर फरार हो गया। घटना के बाद कुछ देर तक घायल सड़क किनारे पड़ा रहा। संवाद