तरकुलवा। शुक्रवार की सुबह सात बजे के करीब तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। हवा और बारिश के बीच फॉल्ट लगने से विद्युत उपकेंद्र पर लगे तरकुलवा, बंजरिया और गढ़रामपुर फीडरों में ब्रेकडाउन हो गया। इससे नगर पंचायत कस्बा से लेकर ग्रामीण इलाके तक की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते नगर पंचायत क्षेत्र और ग्रामीण इलाकों के लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद बिजली कर्मियों ने सायं पांच बजे आपूर्ति बहाल की, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र तरकुलवा अंतर्गत बुधवार शाम को आंधी और पानी के चलते लड़खड़ाई विद्युत व्यवस्था को 24 घंटे बाद बृहस्पतिवार शाम को किसी तरह बिजली कर्मियों ने ठीक कर आपूर्ति बहाल किया। लेकिन, शुक्रवार सुबह सात बजे के करीब एक बार फिर हवा के साथ तेज बारिश शुरू हुई, इसके चलते उपकेंद्र पर लगे तरकुलवा, बंजरिया और गढ़रामपुर फीडर में फॉल्ट हो गया। इससे एक बार फिर तरकुलवा, गढ़ रामपुर, बंजरिया, गुलहरिया, कंचनपुर, सोनहुला रामनगर, मुंडेरा बाबू आदि चौराहों सहित लगभग क्षेत्र के लगभग 450 गांवों की सलाई ठप हो गई। बिजली के अभाव में घरों में लगी पानी की टंकियां सूख गईं। इनवर्टर डिस्चार्ज हो गए। कस्बों में लगे व्यवसायिक प्रतिष्ठान ठप हो गए। जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। बिजली कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद फॉल्ट को ठीक कर सायं पांच बजे आपूर्ति को बहाल किया।
अवर अभियंता लवलेश सिंह ने बताया कि फीडर ब्रेकडाउन में थे, जिससे आपूर्ति बंद हो गई थी। फॉल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।