देवरिया। मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में रविवार को जिले भर में 2992 मरीजों का इलाज किया गया। इसमें मलेरिया के लक्षण वाले 149, डेंगू के लक्षण वाले 32, हेपेटाइटिस बी के लक्षण वाले 42 और हेपेटाइटिस सी के लक्षण वाले 18 मरीजों का इलाज किया गया। मेले में अधिकांश मरीज मौसमी बीमारी के आए।
खुखुंदू संवाद के अनुसार न्यू पीएचसी खुखुंदू में रविवार की सुबह करीब 11:15 बजे तक कुल आठ मरीज पहुंचे थे। जबकि दोपहर 12:15 बजे तक मरीजों की संख्या बढ़कर 19 तक पहुंच गई। इसके बाद लगातार मरीज आते गए और दोपहर बाद तीन बजे तक मरीजों की संख्या बढ़कर 36 पहुंच गई। उधर, न्यू पीएचसी में चिकित्सा प्रभारी डॉ. अंबुज यादव अपने कक्ष में और बीएएमएस डॉ. जे.पी. मोर्या अपने कक्ष में बैठकर मरीजों का इलाज किया।
भागलपुर संवाद के अनुसार प्रभारी डॉ. रजत कुमार ने बताया कि आरोग्य मेले में बुखार, जुकाम , खांसी के मरीजों की संख्या अधिक रही। इस समय रात में ठंड और दिन में गर्मी की वजह से मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा है, जिससे लोगों के सेहत पर असर पड़ रहा है। केंद्र पर नौ मरीजों का ब्लड जांच की गई है।
बरियारपुर संवाद के अनुसार पथरदेवा विकासखंड के रामपुर अवस्थी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. योगेश कुमार ने 42 मरीजों की जांच की और दवा वितरण किया। इनमें सर्दी-जुकाम,बुखार और आंख में इन्फेक्शन के मामले ज्यादा पाए गए। वहीं सरौरा नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. राजेश कुमार ने 144 मरीजों को देखा जिसमे सबसे ज्यादा सर्दी, बुखार के मरीज आये। नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियारपुर मे डॉ. राज बहादुर तिवारी की देखरेख में 31 मरीज देखे गए। इसमें सबसे ज्यादा खासी बुखार के मरीज रहे।
पैकौली संवाद के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझगावां में आयोजित आयुष्मान आरोग्य मेला में कुल 22 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया। इनमें सबसे अधिक सर्दी, जुखाम और बुखार से पीड़ित मरीज शामिल रहे। कई मरीज उच्च रक्तचाप (बीपी) की समस्या लेकर भी पहुंचे, जिनकी जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसमें दो बच्चे निमोनिया से ग्रसित पाए गए। सभी बच्चों को दवा दी गई तथा उनके परिजनों को बच्चों के बचाव के लिए विशेष सावधानियां अपनाने की हिदायत दी गई। वहीं कुछ मरीज खुजली और फुंसी के भी पहुंचे जिनको दवा दी गयी। डॉ. माधवी गुप्ता ने मरीजों का परीक्षण व उपचार किया फार्मासिस्ट राकेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
भाटपार रानी संवाद के अनुसार न्यू पीएचसी पर रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में मौसम के बदलते प्रभाव के चलते रोगियों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। सभी को देखकर चिकित्सकों ने दवा उपलब्ध कराई। खामपार न्यू पीएचसी पर कुल 55 रोगी उपस्थित थे। इनमें अधिकतर सर्दी खांसी वायरल बुखार पेट दर्द दस्त आदि के रोगी थे। केहुनिया के रामप्रसाद को दस्त, नारायणपुर तिवारी के राजन को वायरल बुखार तथा खानपार के गुड़िया और संजू को वायरल बुखार था। डॉ. एके पटेल ने सभी की जांच कर दवा उपलब्ध कराई। भिंगारी बाजार में डॉ. अजीत गुप्ता ने बताया कि कुल मरीज 42 पहुंचे थे। इन्हें जांच के उपरांत दवा दे दी गई। रघुनाथपुर न्यू पीएससी पर चिकित्सक डॉ. जेपी शर्मा ने बताया कि कुल 52 रोगी पहुंचे थे जिनका जांच कर दवा उपलब्ध कराई गई।