अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। देवरिया मेडिकल कॉलेज की पानी की टंकी में मिली लाश की महाराष्ट्र के ठाणे के रहने वाले अशोक के रूप में शिनाख्त के बाद इस मामले में कई चौंकाने वाले पहलू सामने आ रहे हैं।
अशोक के साले प्रफुल्ल नागरकर के मुताबिक केमिकल फैक्टरी में नुकसान के बाद वह शराब के आदी हो गए थे और अक्सर पत्नी तनु उर्फ अनीता से मारपीट करते थे। नशे में उन्होंने पत्नी पर जानलेवा हमला किया था जिसके बाद तनु ने अशोक के खिलाफ ठाणे में हत्या की कोशिश का केस दर्ज कराया था और बेटी को लेकर अलग रहने लगी थी। फिलहाल, पुलिस अशोक की मौत की वजह तलाश रही है।
अशोक के शव की शिनाख्त के बाद पत्नी तनु ने शुक्रवार की देर शाम राजघाट पर उन्हें मुखाग्नि दीं। हुमायुंपुर दक्षिणी में रहने वाले तनु के भाई प्रफुल्ल नागरकर ने बताया कि करीब चार साल पहले नशे की हालत में आशोक ने तनु पर जानलेवा हमला किया था। बीच बचाव करने आई बेटी को भी पीटा था। इस घटना के बाद परिवार बिखर गया। तनु ने उस समय महाराष्ट्र के ठाणे में हत्या की कोशिश का केस दर्ज कराया था और बेटी को लेकर पति से अलग रहने लगी थीं। तनु बेटी की सुरक्षा और भविष्य को लेकर तनाव में रहती थीं। अशोक की बार-बार की मारपीट और नशे में हिंसा ने तनु के लिए जीवन को असहनीय बना दिया था।
मेडिकल कॉलेज के रिकॉर्ड में मिले पते के आधार पर अशोक की शिनाख्त के लिए बृहस्पतिवार को देवरिया पुलिस मुंबई में तनु के फ्लैट पर पहुंची तो फोटो देखकर तनु ने शिनाख्त की।
प्रफुल्ल ने बताया कि अशोक की मौत के बाद हुमायूंपुर स्थित उनके आवास से ही सारे कर्मकांड किए जाएंगे। रविवार को शांतिपाठ और हवन पूजन का भी आयोजन किया गया है।