बैतालपुर। नगर स्थित एचपीसीएल डिपो के सामने बृहस्पतिवार देर शाम पेट्रोल पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान वेल्डिंग से लगी आग करीब 20 मिनट में बुझा दी गई मगर हादसे ने पेट्रोलियम प्रतिष्ठान में सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया।
यदि आग पाइपलाइन के भीतर मौजूद पेट्रोल के संपर्क में आकर डिपो की ओर बढ़ती और टैंकों तक पहुंच जाती। ऐसे में स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों और फायर सेफ्टी टीम ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई। अधिकारियों की निगरानी में पाइपलाइन से जुड़े हिस्से की जांच और मरम्मत का काम कराया गया। एचपीसीएल डिपो में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ मौजूद रहता है। ऐसे में आग के पाइपलाइन के रास्ते टैंक क्षेत्र तक पहुंचने पर उसका दायरा तेजी से बढ़ सकता था। यही वजह रही कि हादसे के बाद डिपो की ओर जाने वाली पाइपलाइनों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।