संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। सेवा एवं वस्तु कर (जीएसटी) की एसआईबी टीम ने शनिवार को सोहनाग रोड स्थित मोबाइल फोन की एक दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई से अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया। जीएसटी को सूचना थी कि दुकानदार की तरफ से हर माह कर चोरी की जा रही है।
शासन के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर ममता राठौर के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार की दोपहर सलेमपुर पहुंची। टीम पहले से चिह्नित सोहनाग रोड स्थित एक मोबाइल फोन की दुकान पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने दुकान में उपलब्ध बिल व अन्य कागजात खंगाले। साथ ही, संचालक से खरीद-बिक्री के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।
टीम दुकान की कई दिनों से रेकी कर रही थी। विभागीय सूत्र बताते हैं कि दुकानदार द्वारा लंबे समय से जीएसटी की चोरी की जा रही है। बिक्री अधिक होने के बाद भी कम होना दिखाया जाता था। साथ ही, नियमित कर का भुगतान नहीं किया जाता था।
शहर में कई ऐसे दुकान हैं जो दिल्ली व अन्य जगहों से बिना कागज के मंगाए गए मोबाइल एक्सेसरीज खपाते हैं। डिप्टी कमिश्नर ममता राठौर ने बताया कि शिकायत थी कि दुकानदार द्वारा हर माह कर चोरी की जाती है। लाखों के खरीद-बिक्री के बावजूद शून्य दिखा रहा था। जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।