संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। दीपावली की रौनक के साथ ही शहर में सोने-चांदी की चमक भी नई ऊंचाई पर है। सोने का भाव 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच जाने के बावजूद लोगों की खरीदारी में कोई कमी नहीं दिख रही। ग्राहकों के बीच नई डिजाइनोंं की भारी मांग है। वहीं दुकानदार और शोरूम संचालक भी ग्राहकों की मांग के अनुरूप गहने उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं।
शहर के प्रमुख ज्वेलरी प्रतिष्ठानों से लेकर आम दुकानों तक रोजाना करोड़ों रुपये तक के सोने-चांदी के आभूषणों की बिक्री हो रही है। भीड़ देखकर साफ है कि इस बार लोग सिर्फ सजने-संवरने के लिए नहीं, बल्कि निवेश के तौर पर भी सोने की खरीदारी कर रहे हैं।
ज्वेलर्स के अनुसार सोने के बढ़ते दामों के बीच छोटे आभूषणों झुमके, अंगूठियां, कड़े और चेन की डिमांड तेजी से बढ़ी है। वहीं चांदी के सिक्कों पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। ग्राहक इन्हें शुभता और निवेश दोनों दृष्टिकोण से खरीद रहे हैं।
त्योहारी सीजन में ग्राहकों की सुविधा के लिए शहर के कई प्रतिष्ठान 25 प्रतिशत तक की छूट के साथ विशेष स्कीमें चला रहे हैं। कुछ लोग तो अपने पसंदीदा डिजाइन के गहनों के लिए पहले से ही एडवांस बुकिंग कर रहे हैं, ताकि दीपावली पर कोई कमी न रह जाए। ज्वेलर्स का कहना है कि बाजार में विश्वास और त्योहारी उत्साह दोनों चरम पर हैं। सोने की चमक सिर्फ बाजार की शोभा नहीं बढ़ा रही, बल्कि यह लोगों की समृद्धि और उम्मीदों का भी प्रतीक बन गई है।