भटनी रेलवे स्टेशन पर रेल कर्मचारियों की समस्या सुनते जीएम
- फोटो : SALEMPUR
गोरखपुर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र ने शुक्रवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन आरआरआई पैनल की प्रगति के बारे में जिम्मेदारों से जानकारी हासिल की। निरीक्षण के दौरान गड़बड़ी मिलने पर आईडब्ल्यू को फटकार लगाई, कहा कि आप नौकरी करने लायक नहीं है। निर्माणाधीन भवनों के निरीक्षण में कमी पाए जाने पर मातहतों को चेतावनी दी।
महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र स्पेशल ट्रेन से गोरखपुर से प्रयागराज के लिए निकले। महाप्रबंधक दोपहर को करीब दो बजे भटनी स्टेशन पर पहुंचे और प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बन रहे आरआरआई सिग्नल पैनल का निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म नंबर एक का निरीक्षण करते हुए बुकिंग ऑफिस पर पहुंचे। यहां भवनों की स्थिति देखकर उन्होंने आईडब्ल्यू की जमकर क्लास लगाई। कहा कि आप रेलवे में नौकरी करने लायक नहीं हैं। इसके बाद वे प्लेटफार्म संख्या दो, तीन, चार व पांच का निरीक्षण किया।
वेटिंग रूम, नए फुट ब्रिज और निर्माणाधीन भवनों में गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदारों से तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। इसके पूर्व रेलवे कर्मचारी संघ (नरमू) के शाखा मंत्री के मनोज सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जीएम का माल्यार्पण कर स्वागत किया। शाखा मंत्री ने इस दौरान रेलकर्मियों की समस्या को लेकर एक विज्ञप्ति भी दी। इसका उन्होंने जल्द समाधान करने का भरोसा दिया।