फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: जमीन के लिए जोड़ी पाई-पाई, ठगों ने छीन ली जीवनभर की कमाई

Mon, 30 Nov 2026 12:16 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
देवरिया। शहर में अपना आशियाना बनाने का सपना जमीन के सौदागरों के जाल में उलझकर टूट रहा है। कोई सालों तक पाई-पाई जोड़कर जमीन खरीदने के लिए रकम जुटाता है तो कोई अपनी जरूरतें कम करके घर बनाने का सपना संजोता है मगर जमीन के सौदों में ठगी के चलते उनकी जीवनभर की कमाई डूब रही है। कहीं सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़प लिए जा रहे हैं तो कहीं फर्जी दस्तावेजों के सहारे जमीन की रजिस्ट्री करा दी जा रही है। रकम गंवाने के बाद खरीदारों को न बैनामा मिल रहा है और न ही जमीन पर कब्जा। घर की नींव रखने से पहले ही ठगी का शिकार हुए लोग अब पुलिस और न्यायालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
विज्ञापन


नवंबर 2025 से नवंबर 2026 के बीच जमीन की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी के 22 मामले पुलिस के पास पहुंचे। इनमें 16 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई। पांच मामलों में अधिकारियों से शिकायत और जांच की जानकारी सामने आई है, जबकि एक मामले में न्यायालय ने परिवाद दर्ज करने का आदेश दिया है। खास बात यह है कि ठगी का शिकार होने वालों में सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। इसी महीने शहर की भुजौली कॉलोनी में सस्ती जमीन दिलाने के नाम पर एक लेखपाल समेत कई लोगों से करीब 63 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। वहीं, औराचौरी में जमीन का बैनामा कराने के नाम पर 50 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा था।
केस-1
63 लाख ले लिए, जमीन नहीं दिलाई
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के बरसीपार निवासी अभिनंदन चौहान लेखपाल हैं। उन्हें और अन्य लोगों को देवरिया शहर की भुजौली कॉलोनी में कम कीमत पर जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया था। आरोप है कि संबंधित लोगों ने प्लॉट दिलाने के नाम पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से करीब 63 लाख रुपये ले लिए, लेकिन जमीन नहीं दिलाई। एसपी से शिकायत के बाद सदर कोतवाली पुलिस ने एक लेखपाल समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मामला 11 नवंबर 2026 को सामने आया।
विज्ञापन


केस-2

रकम मांगी तो जान से मारने की धमकी
रुद्रपुर नगर के गोला वार्ड निवासी कुमार करन निगम को लखनऊ में आवासीय प्लॉट दिलाने का भरोसा दिया गया था। आरोप है कि जमीन दिलाने वाले व्यक्ति ने खुद को लखनऊ नगर निगम से जुड़ा कर्मचारी और पंजीकृत ठेकेदार बताया था। उसकी बातों पर भरोसा कर कुमार करन ने दस लाख रुपये दे दिए, लेकिन प्लॉट नहीं मिला। रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। रुद्रपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। मामला पांच अक्तूबर 2026 को सामने आया था।
केस-3

दो साल बाद भी नहीं कराया बैनामा

शहर के कैलाशपुरी निवासी राजेंद्र कुमार जायसवाल ने औराचौरी में जमीन खरीदने के लिए सौदा किया था। इसके एवज में दो अलग-अलग बैंक खातों में 25-25 लाख रुपये भेजे। आरोप है कि दो वर्ष बीतने के बाद भी संबंधित लोगों ने जमीन का बैनामा नहीं कराया और न ही रकम वापस की। सदर कोतवाली पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मामला 21 अगस्त 2026 को सामने आया।
...
बॉक्स
जमीन खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

शहर और आसपास के इलाकों में जमीन खरीदते समय उसकी कीमत और लोकेशन के साथ मालिकाना हक की भी जांच करनी चाहिए। कई बार जमीन का सौदा करने वाले व्यक्ति के पास उसे बेचने का अधिकार ही नहीं होता। ऐसे में रकम देने के बाद खरीदार विवाद में फंस जाता है। जमीन पर बैंक का कर्ज, न्यायालय की रोक और राजस्व अभिलेखों में दर्ज मालिक के नाम की जानकारी लेना भी जरूरी है। बैनामा कराने से पहले दस्तावेजों की जांच कराएं। इसके बाद खारिज-दाखिल की प्रक्रिया पूरी कराने के साथ मौके पर जमीन का कब्जा लेना भी सुनिश्चित करें।
...

कोट
जमीनों की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी गंभीर विषय है। इस तरह के अपराधों पर लगाम लगाने के लिए धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजेश चतुर्वेदी, सीओ सिटी
...
0 उप निबंधक देवरिया अजय कुमार सिंह ने बताया कि अचल संपत्ति के विक्रय अनुबंध से पहले क्रेता (खरीदार) को विक्रेता (बिक्रीकर्ता) के स्वामित्व और अधिकारों की पूरी जानकारी प्राप्त करनी चाहिए।

0 कृषि भूमि के लिए खसरा और खतौनी की नकल जरूरी है। इसके साथ राजस्व नक्शे की प्रति और संबंधित संपत्ति और भवन का फोटो जरूरी होता है। ऐसे में क्रेता को तहसील से खसरा-खतौनी की नकल जरूर ले लेनी चाहिए।

0 अनुसूचित जाति के व्यक्ति की भूमि की खरीदारी के लिए डीएम द्वारा जारी अनुमति प्रमाण पत्र अनिवार्य होता है, इसलिए क्रेता को इसका ध्यान रखते हुए ही अभिलेख तैयार करना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें