सलेमपुर। कोतवाली के पास स्थित एसबीआई के एटीएम पर जालसाज ने मदद की बात कह एक युवक का एटीएम कार्ड बदलकर 29 हजार दो सौ रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी शैलेंद्र यादव ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि मझौली राज के एसबीआई में उसका अकाउंट है। शुक्रवार को उन्हें रुपयों की आवश्यकता थी। इसके लिए वह सलेमपुर नगर स्थित एसबीआई के एटीएम पर रुपये निकालने गए थे।
आरोप है कि एटीएम से रुपये निकालने के दौरान एक अज्ञात शख्स उनके पीछे खड़ा था। उसने स्वयं को मददगार बताते हुए एटीएम से रुपये निकालने की प्रक्रिया में सहयोग करने की बात कही। बातचीत के दौरान उसने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। उस समय उन्हें इसकी जानकारी नहीं हो सकी। कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर खाते से रुपये निकाले जाने का संदेश प्राप्त हुआ।
जब उन्होंने खाते की जानकारी ली तो पता चला कि उनके खाते से कुल 29,200 रुपये की निकासी कर ली गई है। कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, सीसी टीवी फुटेज की जांच की जा रही है।