देवरिया/भटनी। गोरखपुर-सिवान और वाराणसी रूट पर चलने वाली चार महत्वपूर्ण ट्रेनों के निरस्त व दो के रूट परिवर्तन से बृहस्पतिवार को यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। रेलयात्री अचानक ट्रेनों के निरस्त व डायवर्जन से पूरे दिन दिक्कत में नजर आए। कई यात्री मशक्कत कर अन्य ट्रेनों में सवार होकर अपने गंतव्य को गए। वही नौ ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण भी लोग इंतजार करने को मजबूर रहे। महाकुंभ समाप्त होने के बाद भी इस रूट की ट्रेनें समय से नहीं चल रही है। इससे प्रतिदिन दिन लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को गोरखपुर-वाराणसी, वाराणसी से गोरखपुर, गोरखपुर कैंट से वाराणसी सिटी जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस व गोरखपुर-छपरा पैसेंजर निरस्त रहीं।
वहीं नई दिल्ली से सहरसा जाने वाली वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस और अमृतसर-कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस का रूट परिवर्तन से यात्री पूरे दिन परेशान रहे। बिना पूर्व सूचना के ट्रेनों निरस्त व डायवर्जन से लोग काफी दिक्कत में नजर आए। इसके अलावा जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस एक घंटे, बरौनी-नई दिल्ली साढ़े चार घंटे, मुंबई - गोरखपुर काशी एक्सप्रेस एक घंटे, गोरखपुर-दादर एक्सप्रेस तीन घंटे, दुर्ग -नौतनवा एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, अयोध्या धाम-भटनी एक घंटे, सहरसा -अमृतसर गरीब रथ चार घंटे, लालगढ़ -डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, नई दिल्ली -दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस आठ घंटे विलंब से देवरिया व भटनी रेलवे स्टेशन पर पहुंची।