देवरिया। पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर मंगलवार को मेडिकल काॅलेज से डिस्चार्ज होकर जिला कारागार पहुंच गए। पेट दर्द के चलते उन्हें 31 जनवरी को जिला कारागार से मेडिकल कॉलेज में दिखाया गया था।
डॉक्टर ने इलाज के लिए उन्हें भर्ती कर लिया था। वहीं वाराणसी कोर्ट में अमिताभ ठाकुर के जमानतदारों के कागजात दाखिल कर दिए गए हैं।
शहर के पुरवां इंडस्टि्रयल एरिया में पत्नी नूतन के नाम में हेरफेर कर जमीन आवंटन के आरोपों का सामना कर रहे पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर बीते 11 दिसंबर से जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में बंद हैं।
अमिताभ ठाकुर को बीते 28 जनवरी को पेट में दर्द के चलते मेडिकल काॅलेज की इमरजेंसी में दिखाया गया था। तब जांच में एपेंडिक्स की बात कही गई थी।
इसके बाद वह वापस जेल चले गए थे। 31 जनवरी को पेट दर्द के चलते दोबारा मेडिकल काॅलेज के सर्जरी विभाग में दिखाया गया। इसके बाद उनकी अल्ट्रासाउंड जांच हुई। इसमें कुछ स्पष्ट नहीं होने पर उनकी रविवार को सिटी स्कैन जांच हुई।
इसकी रिपोर्ट में भी कुछ स्पष्ट नहीं हुआ। इस बीच लगातार इलाज के बाद उनको राहत मिली। अमिताभ ठाकुर के अधिवक्ता प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि अमिताभ ठाकुर को मंगलवार को शाम 4:30 बजे डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके बाद उन्हें वापस जिला कारागार पहुंचा दिया गया।