खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकानो से लिए नमुना।
- फोटो : DEORIA
खाद्य सुरक्षा टीम का दस दुकानों पर छापा, लिए आठ नमूने
देवरिया। जनपद में क्रिसमस पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए डीएम अमित किशोर के निर्देेश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम ने मंगलवार व बुधवार को दस दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने आठ नमूने लिए और उसे जांच के लिए भेज दिया।
मुख्य खाद्य अधिकारी शिवेंद्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव, रंजन कुमार श्रीवास्तव, सुभेष कुमार, मनीष मल्ल, अजीत कुमार त्रिपाठी ने जिले के विभिन्न स्थानों पर स्थित दुकानों पर छापा मारा। टीम ने पथरदेवा स्थित दो प्रतिष्ठान पर छापा मारा। इस दौरान एक ब्रांड मुरमुरे तथा केक का एक-एक नमूना लिया। टीम ने कंचनपुर स्थित एक दुकान से छेने की मिठाई तथा बैतालपुर में एक दुकान से एक ब्रांड के नमकीन का नमूना लिया। इसके बाद टीम गौरीबाजार पहुंची, जहां दो बेकरी की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने केक तथा एक ब्रांड के सूजी रस्क का एक-एक नमूना लिया। टीम रामलक्षन चौराहे पर दो दुकानों की जांच की, जहां एक दुकान से बिस्कुट तथा मिठाई की एक दुकान से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया।
इस संबंध में अभिहित अधिकारी रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि क्रिसमस पर्व को देखते हुए दस दुकानों पर छापा मारा गया और आठ नमूने लिए गए। नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।