रुद्रपुर। रामजी सहाय पीजी कॉलेज में बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन और ट्रैफिक पुलिस देवरिया के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में यातायात के नियमों और यातायात में आने वाली कठिनाई पर चर्चा की गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से यातायात नियमों पर अपनी प्रस्तुति दी। छात्राओं ने यातायात में आने वाली कठिनाईयों पर सीओ ट्रैफिक से कई सवाल किए।
मुख्य अतिथि और सीओ ट्रैफिक अंशुमन श्रीवास्तव ने कहा कि नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सकता है। थोड़ी सी लापरवाही एक परिवार के सपनों को सड़क पर चकनाचूर कर देती है।
देवरिया में सीट बेल्ट और हेलमेट लगाने का चलन बहुत कम है। ऐसा न करने वाले लोगों की जान वाहन चलाते समय हरदम जोखिम में रहती है। आजकल सोशल मीडिया पर रील बनाने का चलन दुर्घटनाओं को बल दे रहा है। ज्यादातर नौजवान बाइक से स्टंट कर रील बनाते समय दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक रतन कुमार पांडेय, प्राचार्य प्रो. ब्रजेश कुमार पांडेय और डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
व्याख्यान में अव्वल रही सेजल
कार्यक्रम में यातायात के नियमों पर छात्रों के बीच व्याख्यान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें बीए प्रथम सेमेस्टर की चार छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सबसे बेहतर व्याख्यान देने वाली छात्रा सेजल चौरसिया को सीओ ने पुरस्कृत किया।
छात्राओं ने किए सवाल
बीए की छात्रा संजना पांडेय ने कहा कि चौराहों पर जाम की समस्या काफी तकलीफ देने वाली है। रुद्रपुर में जाम की समस्या कब समाप्त होगी। यातायात माह में भी अतिक्रमण के कारण रोज सड़कों पर जाम लग रहा है। शाहिना खातून ने कहा कि बाइक का साइलेंसर खोलकर ध्वनि प्रदूषण करने वाले बाइकर्स पर लगाम नही लग रही है। नगर में तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाने वालों पर अंकुश लगना चाहिए। विनीता तिवारी ने कहा कि सड़कों पर बिल्डिंग मैटिरियल्स गिरा कर दुकानदार कब्जा कर ले रहे हैं। इस कारण चौड़ी सड़कों पर भी जाम लग रहा है। बाजार में सड़क की पटरियों पर दुकानदारों का कब्जा है पुलिस क्या कर रही है।
सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने कहा कि यातायात पुलिस यातायात व्यवस्था में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। रुद्रपुर में अतिक्रमण और जाम की समस्या पर काम हो रहा है। अतिक्रमण करने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो रही है।