देवरिया/भटनी। उत्तर भारत में छाए घने कोहरे का असर रेल यातायात पर दिखाई दे रहा है। शनिवार को कोहरे के चलते ट्रेनों की रफ्तार थम गई, जिससे लंबी दूरी की कई ट्रेनें घंटों देरी से संचालित हुईं। हालात यह रहे कि रूट की वीआईपी ट्रेन वैशाली सुपर फास्ट एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब आठ घंटे की देरी से स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची।
वहीं बाघ एक्सप्रेस, मथुरा-छपरा एक्सप्रेस, क्लोन एक्सप्रेस, मौर्यध्वज एक्सप्रेस, गरीब रथ आदि ट्रेने भी पांच से सात घंटे विलंब से देवरिया सदर व भटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचीं। ट्रेनों के इस लेटलतीफी से पूरे दिन यात्री परेशान रहे।
उत्तर भारत में पिछले एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड और कोहरे से आमजन परेशान हैं। मौसम के इस परिवर्तन का असर ट्रेनों के समय सारिणी पर भी पड़ा है। रूट की लगभग सभी ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं। दिल्ली, पंजाब, जम्मू, मुंबई और गुजरात से आने-जाने वाली ट्रेनों के यात्री सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
वही ट्रेनें समय पर न पहुंचने से यात्रियों को प्लेटफार्म पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। शनिवार को नई दिल्ली-ललितग्राम वैशाली एक्सप्रेस आठ घंटे, नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस सात घंटे, मथुरा छपरा एक्सप्रेस चार घंटे, अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस चार घंटे, मुंबई-गोरखपुर काशी एक्सप्रेस तीन घंटे, हावड़ा -काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस पांच घंटे, अयोध्या धाम-भटनी पैसेंजर दो घंटे, लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस तीन घंटे, जम्मूतवी-बरौनी मौर्यध्वज एक्सप्रेस पांच घंटे, न्यूजलपाईगुड़ी-आनंद विहार एक्सप्रेस दो घंटे, नई दिल्ली-दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस तीन घंटे, अमृतसर-सहरसा गरीब रथ चार घंटे की देरी से देवरिया सदर और भटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंची।
ट्रेनों के लेटलतीफी और कड़ाके की ठंड में यात्री पूरे दिन परेशान रहे। स्टेशन अधीक्षक भटनी मनोज पांडेय ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों की गति नियंत्रित रखनी पड़ रही है, जिससे लेटलतीफी बढ़ी है। मौसम साफ होने के बाद ही स्थिति सामान्य होने की संभावना जताई जा रही है।