रुद्रपुर। तहसील क्षेत्र के लुअठहीं लक्ष्मीपुर चौराहे पर मंगलवार की देर रात एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में आग लग गई। हादसे में करीब 12 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लक्ष्मीपुर गांव निवासी हरेंद्र कुमार निषाद की लुअठहीं चौराहे पर इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। मंगलवार शाम वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब डेढ़ बजे पड़ोस की दुकान में सो रहे एक दुकानदार की नींद धुएं के गुबार से खुली। बाहर निकलकर देखा तो हरेंद्र की दुकान से आग की लपटें उठ रही थीं। उसने तत्काल इसकी सूचना हरेंद्र को दी।
दुकान में आग लगने की खबर मिलते ही हरेंद्र मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई।
स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों के प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से आग लगी और करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और रिपोर्ट तैयार की।