देवरिया। सरकारी भूमि पर फर्जी व कूटरचित तरीके से राजस्व अभिलेख में छेड़छाड़ कराकर वक्फ मजार कब्रिस्तान का नाम अंकित कराने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को हल्का लेखपाल की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ जालसाजी समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ओवरब्रिज के बगल में कुर्ना नाला के किनारे स्थित हजरत शहीद अब्दुल गनी शाह मजार सरकारी जमीन पर बनी है। इस दौरान कुछ लोगों ने राजस्व अभिलेखों में कूटरचित कर फर्जी तरीके से वक्फ मजार कब्रिस्तान का नाम चढ़वा लिया था। जब इसकी जानकारी हुई तो विभाग ने मजार का नाम खारिज कर मजार को ध्वस्त करा दिया। इसके बाद सदर तहसील के लेखपाल विनय कुमार सिंह की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को शहाबुदीन सजग, शहर के अबूबकर नगर स्थित अंजुमन इस्लामियां के नायब इरसाद अहमद, नाजिम मुबारक अली, नायब नाजिर अख्तर वारसी, राधेश्याम उपाध्याय व रामानुज सिंह के खिलाफ जालसाजी, साजिश समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।