भटनी। सलेमपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक युवक के साथ मारपीट करने और चाकू मारने के आरोप में जीआरपी ने शुक्रवार को आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही, घटना में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए दुकानों में लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बरहज थाना क्षेत्र के गड़ौना गांव निवासी मो. रेहान 20 अक्तूबर को अपने दोस्तों शिवम और अब्दुल उर्फ गोलू के साथ सलेमपुर में दशहरा मेला देखने गया था। थकान होने पर वह सलेमपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर बैठा था। इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे कुछ लोग आपस में मारपीट करने लगे।
पीड़ित के अनुसार, जब वह वहां से भागने लगा तो करीब आठ लोगों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से मारने लगे। आरोप है कि इसी दौरान उसकी पीठ पर चाकू से वार किया गया, जिससे पीठ पर दो जगह चोटें आईं।
मामले में पीड़ित ने 21 अक्तूबर को जीआरपी थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। शिकायत पर जीआरपी ने आठ आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद