मईल चौराहे पर एक मिठाई दुकानदार के यहां छापा मारकर बरामद हुए थे नौ सिलिंडर
मईल। घरेलू रसोई गैस सिलिंडर का उपयोग करने वाले मिठाई दुकानदार के खिलाफ पुलिस ने सप्लाई इंसपेक्टर की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। यह प्राथमिकी आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा के तहत लिखी गई है।
शुक्रवार को मईल चौराहे पर तहसील प्रशासन व आपूर्ति विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा था। इस दौरान दो प्रमुख मिठाई दुकानदारों रामा स्वीट हाउस और दिनेश स्वीट हाउस की जांच की गई। रामा स्वीट हाउस से कुल आठ व दिनेश स्वीट हाउस से एक घरेलू सिलिंडर बरामद किया गया। इन सभी का व्यावसायिक उपयोग हो रहा था।
बरामद सिलिंडरों में पांच भरे हुए, तीन भट्टी में उपयोग होते हुए और एक खाली था। सभी सिलिंडरों को जब्त कर कलिका गैस एजेंसी, भागलपुर को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने सप्लाई इंस्पेक्टर भागलपुर अजय कुमार की तहरीर पर नरियावं गांव निवासी दुकानदार रामा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस संबंध में एसओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच किया जा रहा है