भटनी। नगर पंचायत के कर्मचारियों के साथ अवैध निर्माण रोकने के दौरान मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। मामले में शनिवार को अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने कॉलेज प्रबंधक समेत सात आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई चेयरमैन, सभासद और कर्मियों की लगातार मांग पर कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, फरवरी माह में भटनी नगर के बहादुर यादव स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पास कुछ लोगों द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अवैध निर्माण कराया जा रहा था। शिकायत मिलने पर नगर पंचायत के आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी धीरज यादव, नान्हक यादव और हरेंद्र यादव को मौके पर निर्माण कार्य रुकवाने के लिए भेजा गया।
तहरीर के मुताबिक कर्मचारियों ने निर्माण कार्य रुकवाया, मगर अगले दिन पुनः निर्माण शुरू होने की सूचना मिली। इस पर कर्मचारियों ने फिर मौके पर पहुंचकर काम बंद कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान निर्माण करा रहे लोगों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा जान से मारने की धमकी दी। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया, तभी से चेयरमैन, सभासद और नगर पंचायत कर्मी लगातार ईओ से आरोपियों पर कार्रवाई करवाने की मांग कर रहे थे।
हाल ही में चेयरमैन के नेतृत्व में सभासदों और नगर पंचायत कर्मी कार्यालय में परिसर में प्रदर्शन कर ईओ के खिलाफ नाराजगी जताई गई थी। इसके बाद अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शनिवार को कॉलेज प्रबंधक जयराम यादव, उनकी पत्नी मीना यादव, राजू यादव, रवि प्रकाश यादव व तीन अज्ञात पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओअंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि नगर पंचायत की जमीन पर अवैध निर्माण और नगर पंचायत कर्मियों से मारपीट के आरोप में कॉलेज प्रबंधक समेत सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।