एकौना। अनुषा गांव में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। 22 नवंबर की रात विवाहिता फंदे पर लटकी मिली थी। घरवाले महिला को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
अनुषा निवासी मंजीत प्रताप सिंह की शादी दो साल पहले ग्राम पटना थाना बरहज निवासी नेहा सिंह से हुई थी। 22 नवंबर को रात में विवाहिता घर में लगे छत की कुंडी से लटकती मिली। आनन-फानन में परिजन नेहा सिंह को लेकर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर पहुंचे।
वहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नेहा की बहन मनीषा देवी ग्राम गुलटही थाना हरपुर बुदहट गोरखपुर ने थाने पर पहुंच कर दहेज के लिए बहन की हत्या करने की तहरीर दी।
पुलिस ने पति मंजीत प्रताप सिंह, जेठ अजीत प्रताप सिंह, रंजीत प्रताप सिंह, ससुर रवि प्रताप सिंह व सास पर प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ हरिराम यादव ने कहा कि दो आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।