सलेमपुर। विद्युत निगम के प्रवर्तन दल ने रविवार को क्षेत्र के कई गांवों में छापेमारी की, जिसमें चोरी से बिजली का उपयोग करते पकड़े गए आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्रवर्तन दल रविवार को कोतवाली क्षेत्र के परान छपरा गांव में छापेमारी की। यहां श्रीकांत पुत्र किशुन यादव के घर मीटर से पहले इनकमिंग केबल काटकर बिजली जलाने का मामला सामने आया। इसी गांव के शिवचंद्र पुत्र विशुन भी केबल काटकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। इसके बाद टीम बरसीपार गांव पहुंची, जहां कमलेश पुत्र लल्लन यादव को चोरी से बिजली जलाते पकड़ा गया।
बरसीपार के वाजपेयी टोला में सरदार पुत्र बंका यादव मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते मिले। इसी गांव की सरिता देवी पत्नी काशीनाथ चौहान के पास कनेक्शन होने के बावजूद मीटर बाईपास कर बिजली उपयोग करने की पुष्टि हुई।
कोतवाली क्षेत्र के भठवा धरमपुर गांव में अब्दुल बारी पुत्र फैजुल रहमान बाईपास लाइन चेंजर के माध्यम से बिजली जलाते पाए गए, जबकि रामाश्रय चौहान पुत्र रामनरेश चौहान के घर भी चोरी पकड़ी गई।
वहीं भलुअनी थाना क्षेत्र के टेकुआ गांव में कुसमावती के घर बिजली चोरी का मामला सामने आया। सभी आरोपितों के खिलाफ अवर अभियंता शिवसागर सिंह की तहरीर पर एंटी पावर थेफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज किया गया है।