देवरिया जिले में खुखुंदू थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव में शनिवार की सुबह आपसी बंटवारे को लेकर चचेरे भाइयों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों से प्रधान समेत नौ लोग घायल हो गए। आरोप है कि प्रधान पक्ष ने दूसरे पक्ष के दरवाजे पर चढ़कर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सभी घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रधान के पति समेत पांच को हिरासत में ले लिया है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला भी मौके पर पहुंच जांच-पड़ताल करने के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिए। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है।
सुकरौली गांव निवासी प्रधान के पति अभय कुमार कुशवाहा और चचेरे भाई हरिकेश कुशवाहा के बीच आपसी बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। विवादित भूमि की प्रधान के पति ने शुक्रवार शाम को जुताई करा दी। इसको लेकर विवाद शुरू हो गया।