संवाद न्यूज एजेंसी।
रुद्रपुर। एकला मिश्रौलिया गांव में आई एक बरात में जयमाल के दौरान मारपीट हो गई। इससे बरात में अफरातफरी मच गई। मारपीट में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर सात लोगों पर मारपीट का केस दर्ज किया है।
जानकरी के अनुसार, गांव के छोटेलाल यादव (48) ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी प्रियंका (21) की शादी की बरात 13 मई की शाम उनके दरवाजे पर पहुंची। द्वारपूजा का रस्म पूरा होने के बाद जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। स्टेज पर दुल्हन के पहुंचते ही पटीदार ने पुरानी रंजिश को लेकर हमला बोल दिया और लाठी-डंडे से उनके परिवार की पिटाई शुरू कर दी।
मारपीट से पूरे बरात में भगदड़ मच गई। हमलावरों ने छोटेलाल, प्रियंका और दुल्हन के भाई की पिटाई कर दी। गांव वालों के एकजुट होने पर हमलावर भाग निकले। इसके बाद किसी तरह विवाह की रस्म पूरी हो पाई। घायलों का उपचार सीएचसी में कराया गया। पुलिस ने मारपीट के आरोपी विकास, राजेश, रामकिशुन, ब्रम्हदेव, संदीप, विकास और नाराद पर केस दर्ज किया।