दो युवक के बीच मारपीट, रुपये, चेन छीनने का आरोप
रामपुर कारखाना। स्थानीय थाना क्षेत्र के डुमरी चौराहे पर अचानक दो बाइक के आमने- सामने होने पर बुधवार को चौराहे पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप हैं कि एक बाइक चालक ने दूसरे को अपशब्द कहते हुए पिटाई शुरू कर दी। इस पर ग्रामीणों ने पिटाई कर रहे युवक को जमकर पीटा। एक पक्ष ने मारपीट कर 20 हजार रुपये और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है।
बघौचघाट थाना क्षेत्र के हरिमहुआ गांव निवासी कुलदीप मिश्रा दोपहर में बाइक से जिला मुख्यालय में बैंक रुपये जमा करने जा रहे थे। अभी वह देवरिया-कसया मार्ग स्थित रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के डुमरी चौराहे पर पहुंचे थे कि गांव में से एक बाइक सवार तेजी से सड़क पर आ गए। दोनों बाइक आपस में टकराते-टकराते बच गई।
आरोप है कि कुलदीप ने डुमरी के युवक दिवाकर को अपशब्द कहते हुए थप्पड़ मार दिया। इस पर ग्रामीण नाराज हो गए। ग्रामीणों ने कुलदीप की पिटाई शुरू कर दी। बीच चौराहे पर मारपीट होता देख भगदड़ मच गई। इसी दौरान जानकारी मिलते ही रामपुर कारखाना थाने से पहुंचे पुलिसकर्मियों को देखते ही कुलदीप की पिटाई करने वाले युवक फरार हो गए।
शाम को कुलदीप के पिता शंभू मिश्रा ने थाने में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुलदीप को पीटकर सोने की चेन और 20 हजार रुपये छीन लिए गए। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि सोने की चेन और रुपये छीनने का आरोप निराधार है। मारपीट की घटना है। छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।