बेटी पर फब्तियां कसने से मना करने पर मनबढ़ों ने पीटा
- घर में घुसकर मां-बेटी की भी की पिटाई, कपड़े फाड़े
- खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में बेटी पर फब्तियां कसने से मना करने पर शनिवार की रात मनबढ़ों ने एक शख्स को हॉकी, राड और फावड़े से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पर हमलावरों ने घर में घुसकर मां-बेटी की भी पिटाई की और कपड़े फाड़ दिए।
खुखुंदू के एक गांव का रहने वाला समीर देवरिया शहर में नाई की दुकान पर काम करता है। उसकी बेटी नौंवीं कक्षा की छात्रा है। आरोप है कि घर के बगल के कुछ मनबढ़ युवक स्कूल आते-जाते समय किशोरी पर फब्तियां कसते थे। जानकारी होने पर पिता ने मनबढ़ों को कई बार समझाया, लेकिन वे बाज नहीं आए। शनिवार की रात पिता घर लौटा तो बेटी ने रोते हुए छेड़खानी की बात बताई। पिता फिर मनबढ़ों को समझाने के लिए उनके दरवाजे पर गया। इस पर मनबढ़ों ने समीह पर हॉकी, रॉड और फावड़े से हमला कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। बेटी और पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो हमलावरों ने उन्हें दौड़ा लिया और घर में घुसकर मारा-पीटा। किशोरी के कपड़े भी फाड़ दिए और एक छोटे बच्चे को जमीन पर पटक दिया। मनबढ़ों ने तकरीबन एक घंटे तक उत्पात मचाया। घटना की सूचना पर डायल-100 के सिपाही पहुंचे, लेकिन खाली हाथ लौट आए। बुरी तरह घायल समीर को जिला अस्पताल से डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर श्यामलाल यादव ने बताया कि घटना संज्ञान में है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।