बरहज। लवरछी बाईपास निर्माण को लेकर दूसरे भी रामजानकी मार्ग भूमि बचाओ संघर्ष समिति और समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं का क्रमिक अनशन जारी रहा। इस दौरान उन्होंने धरना भी दिया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि किसानों को उचित मुआवजा मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर सभी ने डीएम का घेराव करने की चेतावनी दी है।
रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इसको लेकर उनके खाते में मुआवजा दिया जा रहा है। क्रमिक अनशन में किसानों का कहना था कि सरकार सिस्टम के जरिए बेशकीमती जमीनों को हड़पना चाह रही है।
सपा नेता विजय रावत और समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र का कहना था कि धरना-प्रदर्शन को दिन-प्रतिदिन तेज किया जाएगा। जिससे कि सरकार को किसानों की पीड़ा दिखाई और सुनाई दे सके। किसानों ने चार गुना मुआवजा मिलने पर ही आंदोलन समाप्त करने को कहा। इस मौके पर अजीत प्रसाद, राजाराम यादव, रामध्यान कुशवाहा, वीरबहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।