एक माह पूर्व हुआ था पैर फ्रैक्चर
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के कपरवार पूरब टोला निवासी और किसान नर्वदेश्वर सिंह उर्फ छोटे (35) पुत्र स्व. चिरंजीवी सिंह की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया।
कपरवार पूरब टोला निवासी किसान नर्वदेश्वर सिंह की शाम को अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नर्वदेश्वर की मौत की जानकारी होने पर पत्नी सुषमा का रो-रो कर बुरा हाल था। लोगों के अनुसार, नर्वदेश्वर सिंह डेढ़ माह पूर्व फिसलकर गिर गए थे। इससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया था। बताया जा रहा है कि शाम को वह दरवाजे पर बैठे हुए थे। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। सूचना पाकर इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। सीओ आदित्य कुमार गौतम ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।