देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के महुआबारी में घर के पास पटाखे फोड़ने से मना करने पर तीन लोगों ने एक परिवार के साथ मारपीट की। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए और घर में घुसकर महिलाओं को पीटा। जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मंगलवार को तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महुआबारी निवासी मीना देवी के अनुसार, आठ नवंबर की रात करीब आठ बजे राहुल यादव, मंटू यादव और अंकित यादव उनके दरवाजे पर बड़े पटाखे फोड़ रहे थे। उनके पति गुड्डू गौड़ ने घर के पास पटाखे फोड़ने से मना किया तो तीनों नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने घर के बाहर खड़ी चार पहिया गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए परिवार के लोगों से मारपीट की। बीचबचाव करने पहुंचीं मीना की देवरानी सीमा को भी पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण राय ने बताया कि मीना देवी की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक रिद्धावन सिंह को सौंपी गई है।