देवरिया। जिला स्वास्थ्य समिति के कार्यकारी समिति की बैठक बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय के धन्वंतरि सभागार में हुई। इसमें जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य सूचकांकों की रिपोर्ट को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कम प्रसव होने पर उन्होंने एमओआई व बीपीएम, बीसीपीएम को फटकार लगाई।
उन्होंने निर्देश दिया कि एएनएम बुधवार व शनिवार को टीकाकरण के साथ अन्य दिवसों पर क्षेत्र में रहकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही लोगों को बीमारियों और स्वास्थ्य योजना के प्रति जागरूक करें। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही क्षम्य नहीं होगा।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि एएनएम की ओर से की जा रही एनसी जांच और उनके क्षेत्र में हो रहे प्रसव की समीक्षा की जाए। सीएचओ, एएनएम क्षेत्र में रहकर रोजाना पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाएं। उन्होंने कहा कि 16 से 27 फरवरी तक चलने वाले एमआर टीकाकरण अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाया जाए।
सभी सीएचसी, पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर शत प्रतिशत एनसीडी स्क्रीनिंग की जाए। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव बढ़ाया जाए और लापरवाह आशा कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उसकी रिपोर्ट जिले पर भेजें, जिससे कार्रवाई की जा सके।